home page

बालुरघाट में भाजपा ने लौटाया तृणमूल का पार्टी कार्यालय

 | 
बालुरघाट में भाजपा ने लौटाया तृणमूल का पार्टी कार्यालय


उत्तर दिनाजपुर, 05 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से जहां चुनाव बाद हिंसा और पार्टी कार्यालय कब्जे की खबरें आ रही हैं, जबकि बालुरघाट में इसका बिल्कुल उल्टा दृश्य देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार के निर्देश पर स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने कब्जा किया गया तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय वापस कर दिया।

मंगलवार सुबह बालुरघाट के वार्ड नंबर तीन में यह पहल देखने को मिली।

मिली जानकारी के अनुसार, चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल का स्थानीय पार्टी ऑफिस कब्जे में ले लिया गया था। सूचना पाकर भाजपा के स्थानीय नेता समीर प्रसाद दत्त मौके पर पहुंचे और तृणमूल प्रतिनिधियों को बुलाकर कार्यालय की चाबी उन्हें सौंप दी। इतना ही नहीं, वार्ड नंबर 16 में तृणमूल के एक अन्य कार्यालय में हुई तोड़फोड़ की खबर मिलने पर भाजपा नेताओं ने खुद आगे बढ़कर मदद की।

सूत्रों के अनुसार, समीर प्रसाद दत्त ने वहां के लिए पांच नई प्लास्टिक कुर्सियां खरीदकर दीं, जिससे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच सौहार्द का संदेश दिया गया।

भाजपा के इस कदम की तृणमूल नेताओं ने भी सराहना की है।

एक स्थानीय तृणमूल नेता ने कहा कि यह पहल बेहद सराहनीय है और इलाके में सभी पार्टी शांति और लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ काम करना चाहते हैं।

बालुरघाट की यह घटना दिखाती है कि राजनीतिक मतभेद के बावजूद सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखा जा सकता है। यह कदम प्रधानमंत्री के “बदला नहीं, बदलाव” के संदेश को भी दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार