श्रीरामपुर में भाजपा ने रखा मोदी सरकार के 12 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड, जनकल्याण से विकास तक की उपलब्धियां गिनाईं
हुगली, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को श्रीरामपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक विशेष पत्रकार सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मोदी सरकार के 12 वर्षों के जनकल्याण, विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े कार्यों का विस्तृत लेखाजोखा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रीरामपुर के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग सशक्त हुए हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। साथ ही भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अवसंरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया गया।
भाजपा विधायक ने कहा कि मोदी सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बना है। उन्होंने दावा किया कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम किया गया है।
इस अवसर पर श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष सुमन घोष, जिला मीडिया प्रभारी जसवंत सिंह सहित जिला भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

