राजगंज पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा
जलपाईगुड़ी, 19 अगस्त (हि. स.)। राजगंज पंचायत समिति पर बुधवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा हो गया है। भाजपा के मोनिका अधिकारी पंचायत समिति की अध्यक्ष और निताई मंडल उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
राजगंज पंचायत समिति के कुल 36 सदस्यों में से 22 सदस्य चुनावी बैठक में शामिल हुए। इनमें तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीतने वाले 13 सदस्य और भाजपा के नौ सदस्य शामिल थे। इसके बावजूद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत हुई।
गौरतलब है कि 2023 के पंचायत चुनाव में 36 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 27 और भाजपा ने नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में बदले राजनीतिक समीकरण के बीच बुधवार को पंचायत समिति के दोनों प्रमुख पद भाजपा के कब्जे में चले गए। इससे पहले दस जुलाई तक अध्यक्ष पद पर तृणमूल की रूपाली दे सरकार और उपाध्यक्ष पद पर कविता छेत्री शैव जिम्मेदारी संभाल रही थी। इसके बाद करीब एक महीने तक अध्यक्ष का पद प्रभावी रूप से खाली रहा।
बुधवार को राजगंज पंचायत समिति कार्यालय में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई।नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद पंचायत समिति परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोनों नेताओं को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच भाजपा समर्थकों ने गेरुआ अबीर उड़ाकर जीत का जश्न मनाया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

