ग्राम पंचायत कार्यालय में ताला जड़कर भाजपा का विरोध
जलपाईगुड़ी, 23 जून (हि.स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक स्थित मान्तादाड़ी ग्राम पंचायत में आवास योजना के तहत घर आवंटन को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायत कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद में कार्यालय में ताला जड़ दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आवास योजना के लाभ वितरण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई है। उनका दावा है कि एक व्यक्ति के जॉब कार्ड का इस्तेमाल कर दूसरे व्यक्ति को सरकारी आवास का लाभ दिया गया। इसके अलावा कई फर्जी जॉब कार्ड के जरिए भी घर आवंटन किए जाने का आरोप लगाया गया है। इससे वास्तविक लाभार्थियों को योजना से वंचित होना पड़ रहा है।
इन आरोपों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पंचायत कार्यालय पहुंचे और प्रधान से जवाब तलब किया। आरोप है कि प्रधान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। इसके बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने प्रधान और पंचायत कर्मचारियों को कार्यालय के अंदर ही रखकर बाहर से ताला लगा दिया। जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
वहीं, मान्तादाड़ी ग्राम पंचायत की प्रधान अर्चना राय ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2023 में प्रधान बनी हैं और यह घटनाएं उनके कार्यकाल से पहले की हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

