home page

खानाकुल-1 पंचायत समिति में भाजपा का प्रदर्शन, बीडीओ पर पक्षपात का आरोप

 | 
खानाकुल-1 पंचायत समिति में भाजपा का प्रदर्शन, बीडीओ पर पक्षपात का आरोप


हुगली, 05 अगस्त (हि. स.)। जिले के खानाकुल-1 ब्लॉक विकास कार्यालय (बीडीओ कार्यालय) के बाहर बुधवार को स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) अदिति गांगुली पर विकास कार्यों में निष्क्रियता और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव के बाद से ब्लॉक में विकास कार्यों को लेकर बीडीओ ने कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभाई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार क्षेत्र के विधायक को साथ लेकर विकास कार्य किए जाने चाहिए, लेकिन इस निर्देश का पालन नहीं किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बीडीओ तृणमूल कांग्रेस के प्रति पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही हैं और विकास संबंधी विभिन्न निर्णय तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा लोक निर्माण कर्माध्यक्ष के साथ चर्चा कर लेती हैं। उनका यह भी आरोप है कि क्षेत्र के भाजपा के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को इन बैठकों और विकास योजनाओं की कोई जानकारी नहीं दी जाती।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पाकर खानाकुल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में हालात सामान्य हो गए।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर बीडीओ अदिति गांगुली या तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय