सिंगूर में इंद्रनील सेन की बागानबाड़ी के सामने भाजपा का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग
हुगली, 29 अक्टूबर (हि. स.)। हुगली ज़िले के सिंगूर में पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन की बागानबाड़ी ‘मोहर’ के सामने गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एक व्यक्ति के चेहरे पर इंद्रनील सेन की तस्वीर चिपकाकर और गले में जूतों की माला डालकर नारेबाज़ी की गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के पैसों से आलीशान बागानबाड़ी बनाई गई है। उन्होंने मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय निवासियों के एक वर्ग का आरोप है कि बागानबाड़ी के लिए जलनिकासी का रास्ता बंद कर दिया गया और पंचायत के पैसों से नियमों के विरुद्ध सड़क बनाई गई। बागानबाड़ी की ज़मीन हासिल करने में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता की मदद मिलने का आरोप भी लगाया गया है।
पश्चिम बंगाल के पूर्व सूचना एवं संस्कृति मंत्री इंद्रनील सेन को बुधवार को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इससे पहले वह दुर्गापूजा के प्रवेश-पत्रों के वितरण में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए साल्टलेक स्थित प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई।
मामले की शिकायत कोलकाता के बउबाजार थाने में जयदीप मुखर्जी नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई थी। आरोप है कि यूनेस्को के नाम का इस्तेमाल कर दुर्गापूजा के प्रवेश-पत्र बेचने में करोड़ों रुपये की अनियमितता हुई। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय भी जांच कर रहा है। इससे पहले इंद्रनील सेन से कई बार पूछताछ की जा चुकी है और उनके कई ठिकानों पर तलाशी भी ली गई थी।
इंद्रनील सेन ने अग्रिम जमानत के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया था, लेकिन वहां से उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की। मंगलवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने निजी कारणों से स्वयं को सुनवाई से अलग कर लिया था।
गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद इंद्रनील सेन को अदालत में पेश किया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

