जलजमाव को लेकर बीजेपी का प्रदर्शन, पार्षद पर लापरवाही का आरोप
सिलीगुड़ी, 20 जून (हि.स.)। शहर में जल निकासी व्यवस्था की खस्ता हालत और भारी जलजमाव के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सिलीगुड़ी निगम के वार्ड नंबर 43 के तृणमूल नेता तथा पार्षद सुखदेव महतो के कार्यालय के सामने आयोजित किया गया। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि लगातार बारिश के कारण पूरा इलाका जलमग्न हो गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन पार्षद क्षेत्र में नजर नहीं आ रहे है।
पार्टी के ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हीरा राई ने आरोप लगाते हुए कहा कि जनसेवा के नाम पर केवल बैनर और साइनबोर्ड लगाए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और सड़कों की हालत भी बेहद खराब है।
चुनाव के समय किए गए वादे पूरे नहीं किए गए और वर्तमान हालात में पार्षद पूरी तरह गायब है। विकास के नाम पर केवल दिखावा हुआ है, लेकिन मूल समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

