चंदननगर में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का विरोध
हुगली, 26 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में भाजपा के उम्मीदवारों को लेकर असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब हुगली जिले के चंदननगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के घोषित उम्मीदवार दीपांजन गुहा के खिलाफ कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं और जोरदार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
बुधवार रात के बाद गुरुवार को भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी का झंडा लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और “दीपांजन गुहा दूर हटो” के नारे लगाए। मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी की तीसरी सूची में चंदननगर सीट से दीपांजन गुहा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही संगठन के एक वर्ग में नाराजगी है।
प्रदर्शनकारियों ने बागबाजार में जीटी रोड पर विरोध जताया। दीपांजन गुहा चुचुड़ा के निवासी हैं और 2021 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा के टिकट पर चंदननगर से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रनील सेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। दोबारा उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी के कुछ कार्यकर्ता और समर्थक असंतुष्ट हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विभिन्न स्थानों पर भाजपा उम्मीदवारों को लेकर विरोध देखने को मिल रहा है। कोलकाता के बेलेघाटा सीट पर भी उम्मीदवार बदलने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बन गई। सॉल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी को कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश देते हुए देखा गया।
स्थिति को संभालने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य को हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। हालांकि इसके बावजूद कई जगहों पर उम्मीदवारों को लेकर असंतोष बना हुआ है और नाम वापस लेने की मांग उठ रही है।
चंदननगर में बढ़ते विरोध ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। चुनाव से पहले जहां पार्टी को प्रचार अभियान तेज करना था, वहीं फिलहाल उसे आंतरिक असंतोष और विवादों से जूझना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

