home page

दोषियों को सजा मिले, लेकिन निर्दोष को दोषी न ठहराया जाए : भाजपा समिति

 | 

कोलकाता, 19 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ता अरूप साहा की मौत के मामले की जांच के लिए गुरुवार को पार्टी की ओर से गठित तथ्यान्वेषी समिति ने घटनास्थल का दौरा किया। समिति ने मृतक की पत्नी एवं स्थानीय भाजपा नेत्री रूमा साहा से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि, समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन बिना जांच किसी निर्दोष को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। समिति में राहुल सिन्हा, सोनाली मुर्मू और नीलांजन अधिकारी शामिल हैं। गुरुवार को उन्होंने पानीहाटी के देशबंधु नगर इलाके में पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान भाजपा के उत्तर उपनगरीय जिलाध्यक्ष चंडीचरण राय भी मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार, गत 14 नवंबर को पानीहाटी के देशबंधु नगर इलाके में मोहल्ले का विवाद सुलझाने के दौरान अरूप साहा पर हमला किए जाने का आरोप लगा था। आरोप है कि उनके सीने पर धक्का मारकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया था। घर लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।

इस मामले में मृतक की पत्नी रूमा साहा ने अपनी ही पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद पार्टी में शामिल हुए कुछ लोगों ने उनके पति को धक्का मारा था। घटना के सिलसिले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गुरुवार को समिति के सदस्यों के सामने भी रूमा साहा ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई।

अरूप की मृत्यु के बाद स्थानीय विधायक रत्ना देवनाथ ने दुख जताते हुए कहा था कि शायद भाजपा के सत्ता में नहीं आने पर ही अच्छा होता। समिति के सदस्यों ने उनसे भी मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने आरोपित राजदीप दास, ननी सहित कई अन्य लोगों से बातचीत की। समिति ने खड़दह थाने में जाकर थाना प्रभारी और बैरकपुर के एसीपी से भी मामले की जांच को लेकर चर्चा की।

बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल सिन्हा ने कहा कि यदि कोई दोषी है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। लेकिन बिना किसी कारण किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने तक किसी को दोषी या निर्दोष बताना उचित नहीं होगा। उन्होंने मृतक के परिवार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया।

दूसरी ओर, आरोपित राजदीप दास ने मृतक की पत्नी की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं थे। कुछ लोगों ने विवाद सुलझाने के लिए उन्हें फोन कर बुलाया था। वह घटनास्थल पर पहुंचे थे, लेकिन मुख्य घटना होने से पहले ही वहां से चले गए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके साथ 40-50 नहीं, बल्कि केवल तीन लोग थे। राजदीप ने पुलिस और प्रशासन पर भरोसा जताया है। वहीं, मृतक की पत्नी रूमा साहा ने भी पार्टी और प्रशासन पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता