home page

निर्विरोध भाजपा की पवित्री रसाइली बनी चालसा की नई प्रधान

 | 
निर्विरोध भाजपा की पवित्री रसाइली बनी चालसा की नई प्रधान


जलपाईगुड़ी, 08 सितंबर (हि. स.)। जिले के माटियाली ब्लॉक अंतर्गत चालसा के माटियाली-बाताबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत की नई प्रधान के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंचायत सदस्य पवित्री रसाइली निर्विरोध निर्वाचित हुई है। मंगलवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच ग्राम पंचायत कार्यालय में प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। प्रधान पद के चुनाव में किसी अन्य उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित नहीं किए जाने के कारण पवित्री रसाइली को निर्विरोध प्रधान चुन लिया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अबीर खेलकर खुशी मनाई। इसके बाद नवनिर्वाचित प्रधान को साथ लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय से चालसा गोलाई तक जुलूस भी निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, माटियाली-बाताबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत में कुल 26 सदस्य हैं। गत 17 अगस्त को तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, एक पंचायत सदस्य की मृत्यु भी हो चुकी है। मंगलवार को प्रधान के चुनाव के दौरान कुल 24 सदस्य उपस्थित रहे, जबकि पूर्व प्रधान अनुपस्थित थी।चुनाव में भाजपा के पांच, तृणमूल कांग्रेस के 17 तथा माकपा और निर्दलीय के एक-एक सदस्य मौजूद थे। भाजपा पंचायत सदस्य शंकरी मुखर्जी राय ने पवित्री रसाइली के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन पंचायत सदस्य रोमा उरांव ने किया। चुनाव के दौरान मौजूद अन्य सभी सदस्यों ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया। किसी अन्य उम्मीदवार का नाम सामने नहीं आने के कारण पवित्री रसाइली निर्विरोध निर्वाचित हुई।

प्रधान चुनाव को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस के साथ केंद्रीय बलों के जवान भी तैनात रहे। माल एसडीपीओ सुदीप्त सरकार और मेटेली थाना प्रभारी मिंगमा लेप्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने इलाके की सुरक्षा संभाली।

निर्विरोध प्रधान चुने जाने के बाद पवित्री रसाइली ने कहा कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी को साथ लेकर काम करेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पंचायत के विकास और स्थानीय लोगों के हित में मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार