चुंचुड़ा से शुरू भाजपा की परिवर्तन यात्रा पांडुआ पहुंची, नेताओं ने तृणमूल पर साधा निशाना
हुगली, 08 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा रविवार को चुंचुड़ा से शुरू होकर पांडुआ पहुंची। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए यात्रा हुगली ग्रामीण पुलिस के थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गई।
इस यात्रा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री देबश्री चौधरी, भाजपा नेत्री शशि अग्निहोत्री, हुगली जिले के भाजपा अध्यक्ष गौतम चटर्जी, उपाध्यक्ष स्वराज घोष, युवा नेता सोमबुद्ध दत्ता सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पत्रकारों से बातचीत में भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया, जिससे बंगाल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस रवैये की राज्य, देश और विदेश में रहने वाले बंगाली समुदाय के लोग भी आलोचना कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक महिला होते हुए मुख्यमंत्री ने एक आदिवासी महिला का अपमान किया है। भट्टाचार्य ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस का पतन तय है और जल्द ही सत्ता परिवर्तन होगा।
इधर, आगामी चुनावों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए रविवार को जीटी रोड के किनारे बैंडेल इलाके में केंद्रीय बलों ने रूट मार्च किया। इस दौरान चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी भी केंद्रीय बलों के साथ मौजूद रहे।
रूट मार्च के दौरान इलाके के भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बलों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

