home page

(राउंडअप) परिवर्तन यात्रा को बंगाल में मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार और कुप्रशासन पर ममता को घेरा

 | 
(राउंडअप) परिवर्तन यात्रा को बंगाल में मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार और कुप्रशासन पर ममता को घेरा


कोलकाता, 07 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में लगातार आगे बढ़ रही है और इसे कई स्थानों पर व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य की जनता भ्रष्टाचार, कुप्रशासन और तृणमूल कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर बदलाव की मांग कर रही है।

मेदिनीपुर क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कभी वाम शासन के दौरान बने भय के माहौल को खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज पश्चिम बंगाल के लोग फिर से असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने पाइकपाड़ा में हुए बम विस्फोट की घटना का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया।

भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार इस स्तर तक पहुंच गया है कि कॉलेजों में नियुक्ति के लिए भी पैसे की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब बेरोजगार युवाओं को रोजगार की आवश्यकता है, तब तृणमूल कांग्रेस सरकार रोजगार सृजन के बजाय भत्तों की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि मेदिनीपुर महान विभूतियों की भूमि रही है, जहां ईश्वरचंद्र विद्यासागर, मातंगिनी हाजरा और खुदीराम बोस जैसे महान व्यक्तित्वों ने जन्म लिया। लेकिन वर्तमान शासन में राज्य में औद्योगिक विकास की संभावनाएं कमजोर पड़ती दिख रही हैं।

भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस को अस्वीकारित” राजनीतिक शक्ति बताते हुए कहा कि यह पार्टी लोकतंत्र की बहाली और भयमुक्त समाज का वादा करके सत्ता में आया था, लेकिन आज राज्य को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां लोगों के मूल अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया और कहा कि सत्यापन के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें पिता और पुत्र की आयु में मात्र 10 वर्ष का अंतर दर्ज है।

उन्होंने तृणमूल नेता फिरहाद हाकिम की उस टिप्पणी का भी उल्लेख किया जिसमें कथित रूप से गैर-मुस्लिमों के बारे में विवादित टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि तृणमूल सरकार को सत्ता से नहीं हटाया गया तो बंगाली अपने ही राज्य में शरणार्थी बन सकते हैं। उन्होंने राज्य की जनसंख्या संरचना में बदलाव की आशंका भी जताई।

दक्षिण दिनाजपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, सांसद खगेन मुर्मू, कार्तिक पाल और विधायक बुढराय टुडू सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कड़ी धूप में भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। यदि यह तृणमूल कांग्रेस का कार्यक्रम होता तो भीड़ जुटाने के लिए बिरयानी के पैकेट बांटने पड़ते।

मजूमदार ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में रोजगार सृजन, स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और राज्य को विभिन्न चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी योजनाएं करदाताओं के पैसे से चलती हैं, इसलिए उनका लाभ सभी नागरिकों तक समान रूप से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने की भी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि वह फिर से विपक्ष की नेता बनने की तैयारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें “धरना दीदी” के नाम से जाना जा सकता है।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो पुलिस, शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। साथ ही दिसंबर 2026 तक सभी रिक्त सरकारी पदों को भरने और अगले पांच वर्षों के भीतर दक्षिण दिनाजपुर में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का भी वादा किया गया।

मंगलकोट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए राज्य को पतन की ओर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल को 10 लाख करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता दी है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में अधिक है।

अधिकारी ने आरोप लगाया कि अन्नपूर्णा योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं में भी भ्रष्टाचार हो रहा है और खाद्यान्न की तस्करी तक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और पेयजल परियोजनाओं के लिए केंद्र से मिले धन का राज्य सरकार ने दुरुपयोग किया है। कई किसान, हिंदू और आदिवासी प्रधानमंत्री किसान योजना के लाभ से वंचित हैं क्योंकि राज्य सरकार उनके नाम केंद्र को नहीं भेज रही है। उन्होंने युवासाथी योजना को भी एक और घोटाला बताते हुए कहा कि यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने घोषणा की कि यदि पार्टी सत्ता में आती है तो 45 दिनों के भीतर महंगाई भत्ता और 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा, हर वर्ष पारदर्शी कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा आयोजित की जाएगी, सभी रिक्त पदों पर निष्पक्ष भर्ती की जाएगी तथा भर्ती घोटाले से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी जाएगी।

नेताओं ने कहा कि आगामी चुनाव महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा चुनाव होगा और भाजपा राज्य में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएगी।

इस बीच हावड़ा-हुगली क्षेत्र के श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र में भी परिवर्तन यात्रा को उत्साहपूर्ण समर्थन मिला, जहां केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रोड शो में हिस्सा लिया।

भाजपा का कहना है कि राज्य के विभिन्न जिलों में जैसे-जैसे परिवर्तन यात्रा आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे आम लोगों की भागीदारी और समर्थन भी बढ़ रहा है। पार्टी ने दोहराया कि यह आंदोलन विकास, रोजगार, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिए जनता की सामूहिक आकांक्षा को दर्शाता है और “विकसित बंगाल” के निर्माण के लिए उसकी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर