कल्यानेश्वरी मंदिर में पूजा के साथ भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू, केंद्रीय बलों ने संभाली स्थिति
आसनसोल, 05 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कल्यानेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ परिवर्तन यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, विधायक (कुल्टी) डॉ अजय पोद्दार, आसनसोल दक्षिण विधानसभा की विधायक अग्निमित्र पाल, भाजपा नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी, कृष्ण प्रसाद सहित सैकड़ो नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे ।
जिलाध्यक्ष देव तनु भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बर्दवान जिले के कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ परिवर्तन यात्रा की शुरुआत हुई है। यह परिवर्तन यात्रा पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया, बांकुड़ा, विष्णुपुर - इन चार जिलों में भ्रमण करेगी। गुरुवार को पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के गोरांडी गांव से होते हुए जामुड़िया तथा अंडाल पहुंचेगी। अंडाल से रानीगंज विधानसभा क्षेत्र होते हुए आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बारी मैदान में रात्रि विश्राम करेगी। शुक्रवार को सुबह भगत सिंह मोड़ से पुनः परिवर्तन यात्रा प्रारंभ होगी जो कुल्टी विधानसभा क्षेत्र होते हुए प पुरुलिया की ओर रवाना हो जाएगी।
इसी बीच आसनसोल के बाराबनी क्षेत्र में भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर हमले की घटना सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आसनसोल के कल्याणेश्वरी से चार जिलों के दौरे पर निकली भाजपा की परिवर्तन यात्रा जैसे ही बाराबनी इलाके में पहुंची। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में यात्रा पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालात को देखते हुए घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिवर्तन यात्रा पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है और व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

