home page

हुगली में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर तनाव, उत्तरपाड़ा में भाजपा–तृणमूल आमने-सामने

 | 
हुगली में भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर तनाव, उत्तरपाड़ा में भाजपा–तृणमूल आमने-सामने


हुगली, 07 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को लेकर शनिवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। आखिरकार पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यात्रा का रथ इलाके से आगे बढ़ सका।

जानकारी के अनुसार उत्तरपाड़ा के डोलतला इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद तापस मुखोपाध्याय का कार्यालय स्थित है। जब जीटी रोड से भाजपा की परिवर्तन यात्रा का रथ गुजर रहा था, तभी वहां खड़े तृणमूल कार्यकर्ताओं ने “जय बांग्ला” और “मोदी हटाओ” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके जवाब में भाजपा समर्थकों ने “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिससे माहौल अचानक गरमा गया। इस दौरान तृणमूल कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लहराते हुए नारेबाजी करते रहे, वहीं भाजपा के वाहन से फूल भी फेंके गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भाजपा की परिवर्तन यात्रा को वहां से आगे बढ़ाया। इसके बाद यात्रा धीरे-धीरे श्रीरामपुर की ओर बढ़ गई।

तृणमूल कांग्रेस ने इस यात्रा को “दिखावा” करार दिया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि श्रीरामपुर भाजपा के आयोजकों ने केवल कुछ लोगों को लेकर यह कार्यक्रम किया। तृणमूल पार्षद तापस मुखोपाध्याय ने भी तीखा तंज कसते हुए कहा कि वे परिवर्तन यात्रा का स्वागत करते हैं, क्योंकि भाजपा दरअसल मोदी सरकार में बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि यात्रा में केवल कुछ मोटरसाइकिल और दो-तीन गाड़ियां ही थीं और यह पूरी तरह फ्लॉप शो साबित हुई।

दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि परिवर्तन यात्रा की शुरुआत से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। नैहाटी में भी परिवर्तन यात्रा के समर्थन में निकाले गए भाजपा के बाइक जुलूस को रोकने का आरोप पुलिस पर लगा है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और नैहाटी के घोषपाड़ा इलाके में तनावपूर्ण स्थिति देखी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय