विस चुनाव 2026 : गांव-गांव पहुंची भाजपा, झाड़ग्राम में चुनावी सरगर्मी तेज
झाड़ग्राम, 21 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झाड़ग्राम जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों ने सक्रिय रूप से प्रचार करते हुए लोगों से समर्थन की अपील की।
झाड़ग्राम विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मीकांत साउ ने मंडल-तीन के नेपुरा क्षेत्र के राधा मोहनपुर बूथ में घर-घर जाकर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बदलाव के लिए भाजपा सरकार बनाने की अपील की।
शनिवार शाम फोन करने पर उन्होंने बताया कि जनता बदलाव चाहती है, और भाजपा ही विकास की गारंटी है।
वहीं, झाड़ग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राजेश माहातो ने शालबनी में आयोजित महान क्रांतिकारी रघुनाथ माहातो की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने झाड़ग्राम ब्लॉक के लेदाबहड़ा क्षेत्र के बिरिहांडी गांव में हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर लोगों से जनसंपर्क किया।
राजेश माहातो ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि जनता के आशीर्वाद से विकास की नई दिशा तय करेंगे और क्षेत्र को आगे ले जायेंगे।
बिनपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बेलपहाड़ी के कामारबांधी इलाके में भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रनत टुडू ने प्रचार अभियान चलाकर लोगों से समर्थन मांगा।
इधर, शालबनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बिमान माहातो ने अपने गांव कन्याबाली और भीमपुर क्षेत्र में ग्राम थान में सरुल पूजा में भाग लेकर ग्राम देवता से आशीर्वाद लिया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि इस बार जनता परिवर्तन चाहती है और पार्टी को पूर्ण समर्थन दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

