चुनाव 26 : झाड़ग्राम में भाजपा का ओलचिकी लिपि प्रचार, तृणमूल का तंज
झाड़ग्राम, 07 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उम्मीदवार मतदाताओं को लुभाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में झाड़ग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साउ ने आदिवासी मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए ओलचिकी लिपि में प्रचार सामग्री छपवाई है। इसे लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसा है।
भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साउ अपने चुनाव प्रचार के दौरान ओलचिकी लिपि में छपे ‘लक्ष्मीकांत का परिचय पत्र’ नामक पर्चे वितरित कर रहे हैं। इस पर्चे में उनकी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षिक योग्यता, एक सफल उद्यमी और संगठनकर्ता के रूप में परिचय तथा कई चुनावी वादों का उल्लेख किया गया है। इनमें झाड़ग्राम में प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना, पर्यटन विकास, साल और केंदू पत्ते से जुड़े उत्पादों के कारखाने तथा आयुष्मान भारत योजना लागू करने जैसे वादे शामिल हैं। यह प्रचार सामग्री ओलचिकी के साथ-साथ बंगला लिपि में भी छपवाई गई है।
बताया जा रहा है कि जिले की चार विधानसभा सीटों—झाड़ग्राम, गोपीबल्लभपुर, बिनपुर और नयाग्राम—में आदिवासी मतदाताओं की भूमिका निर्णायक मानी जाती है। तृणमूल कांग्रेस ने इन चार में से तीन सीटों पर आदिवासी उम्मीदवार उतारे हैं। झाड़ग्राम सीट पर तृणमूल ने आदिवासी नेता मंगल सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने लक्ष्मीकांत साउ को मैदान में उतारा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आदिवासी वोट बैंक को साधने के लिए दोनों दल रणनीति बना रहे हैं। इसी संदर्भ में भाजपा द्वारा ओलचिकी लिपि में पर्चे छपवाने को भी देखा जा रहा है।
मंगलवार सुबह इस मुद्दे पर तृणमूल उम्मीदवार मंगल सोरेन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल ओलचिकी लिपि में पर्चे बांटने से आदिवासी समाज का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि सच में आदिवासियों के विकास की चिंता है तो क्षेत्र में आदिवासी विश्वविद्यालय की स्थापना और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में ओलचिकी भाषा में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की पहल करनी चाहिए।
मंगलवार दोपहर चुनावी प्रचार करते वक्त भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत साउ ने पलटवार करते हुए कहा कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग ओलचिकी लिपि में पढ़ाई करते हैं और भाजपा हमेशा आदिवासी समाज का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सशक्तिकरण के लिए भाजपा लगातार काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

