दुर्गापुर में भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप, इलाके में तनाव
दुर्गापुर, 13 नवंबर (हि.स.)। रात के अंधेरे में भाजपा के पार्टी कार्यालय पर हमला और तोड़फोड़ किए जाने के आरोप को लेकर दुर्गापुर के फरीदपुर इलाके में तनाव फैल गया। गुरुवार देर रात वार्ड संख्या 33 में हुई इस घटना के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी है।
भाजपा की ओर से शुक्रवार को आरोप लगाया गया कि देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने पार्टी कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की। कार्यालय में लगे पार्टी के झंडे, बैनर और अन्य सामानों को फाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। भाजपा नेताओं की तस्वीरों वाले बैनर भी नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन के तार भी काट दिए गए।
घटना की सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले में कौन लोग शामिल थे और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी पड़ताल की जा रही है।
दुर्गापुर भाजपा के दो नंबर मंडल के उपाध्यक्ष निरंजन मंडल ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से पार्टी कार्यालय में हमला कर तोड़फोड़ की गई और नेताओं की तस्वीरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस घटना के पीछे किन लोगों का हाथ है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

