home page

विषाक्त पदार्थ के प्रभाव से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

 | 
विषाक्त पदार्थ के प्रभाव से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती


कोलकाता, 22 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार, उनके शरीर में विषाक्त पदार्थ के प्रभाव के लक्षण मिले हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे रेखा पात्रा अपने हिंगलगंज स्थित आवास पर अचानक बीमार पड़ गईं। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थानांतरित किया गया। वहां उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कराया गया था।

करीब चार घंटे तक उपचार के बाद भी उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। फिलहाल वह अस्पताल के आईटीयू में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उन्हें वेंटिलेटर का सहारा दिया गया है।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, चिकित्सक युधाजीत सेनगुप्ता की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। रविवार सुबह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। बताया गया है कि शनिवार रात बशीरहाट अस्पताल पहुंचने के समय विधायक बेहोश थीं। उन्हें ऑक्सीजन और स्लाइन दिया जा रहा था।

हालांकि, उनके शरीर में विषाक्त पदार्थ का प्रभाव किस कारण हुआ और वह किन परिस्थितियों में अचानक बीमार पड़ीं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस संबंध में जिला भाजपा नेतृत्व की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि रेखा पात्रा संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान प्रमुख चेहरा बनकर उभरी थीं। इसके बाद भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने हिंगलगंज सीट से जीत दर्ज कर विधायक बनीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता