home page

आसनसोल में भाजपा युवा मोर्चा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर आयोजित

 | 
आसनसोल में भाजपा युवा मोर्चा का पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर आयोजित


पश्चिम बर्दवान, 25 जुलाई (हि. स.)भारतीय जनता पार्टी की ओर से पश्चिम बंगाल में पिछले एक महीने से पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को आसनसोल के रवींद्र भवन में भाजपा जिला युवा मोर्चा की ओर से भव्य प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन पहले पूरे देश में किया गया था, लेकिन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के कारण राज्य में उस समय इसे आयोजित करना संभव नहीं हो सका। अब चुनाव संपन्न होने के बाद राज्यभर में पिछले एक महीने से यह प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 28 जुलाई तक जिले के सभी मंडलों और विभिन्न मोर्चों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, विचारधारा, विकास यात्रा और संगठन के उद्देश्यों से विस्तारपूर्वक अवगत कराना है, ताकि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को बेहतर ढंग से समझ सकें।

देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पार्टी से संबंधित एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रतियोगिता (क्विज/प्रतियोगिता) भी आयोजित की जाएगी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा