मतदान बाद हिंसा रोकने को लेकर भाजपा का सख्त संदेश, सुषांत बेड़ा ने की शांति बनाए रखने की अपील
हुगली, 11 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मतदान बाद हिंसा की घटनाओं को लेकर आरामबाग के भाजपा विधायक सुषांत बेड़ा ने सोमवार को हुगली जिले के आरामबाग के दौलतपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन किया। इस दौरान सुषांत बेड़ा ने कहा कि मतदान के बाद होने वाली हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई अप्रिय घटना होने पर प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। प्रशासनिक कार्यों में भाजपा किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी उकसावे में आए बिना शांति बनाए रखनी होगी और कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए।
इस पत्रकार सम्मेलन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी सक्रियता देखी गई। कार्यक्रम में पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

