home page

चुनाव 2026 : बंगाल में भाजपा का दबदबा, दिग्गजों का दमदार प्रदर्शन

 | 
चुनाव 2026 : बंगाल में भाजपा का दबदबा, दिग्गजों का दमदार प्रदर्शन


कोलकाता, 04 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई दिग्गज उम्मीदवारों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है, जबकि कुछ प्रमुख चेहरों को हार का सामना करना पड़ा। दो चरणों में सम्पन्न इस चुनाव के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं१ 1७वें राउंड की मतगणना के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रात करीब नौ बजे तक 293 में से 208 सीट प्राप्त हुए हैं। जबकि तृणमूल कांग्रेस 79 सीटों पर बढ़त मिली है।

मेदिनीपुर के खड़गपुर सदर सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने शानदार बढ़त बनाई है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य में 18 सीटें जीती थीं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने जोरदार वापसी की है।

राज्य के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर को हराकर जीत दर्ज की है। वहीं भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ उनकी टक्कर कड़ी रही, हालांकि इस सीट पर वह पीछे चल रहे हैं और मतगणना के कुछ राउंड अभी बाकी हैं।

पानिहाटी सीट पर आर.जी. कर मामले की पीड़िता की मां को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के तीर्थंकर घोष पर बढ़त बनाई है। वहीं हावड़ा के शिवपुर सीट से भाजपा के रुद्रनील घोष ने जीत दर्ज की है।

दक्षिण 24 परगना की सोनारपुर दक्षिण सीट से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली ने तृणमूल की अरुंधती मैत्र को हराकर जीत हासिल की है। वहीं दक्षिण कोलकाता के रासबिहारी सीट से स्वपन दासगुप्ता ने तृणमूल के देवाशीष कुमार को पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

मानिकतला सीट से भाजपा के तापस रॉय ने तृणमूल उम्मीदवार श्रेया पांडे को हराकर जीत दर्ज की है। नोआपाड़ा सीट से अर्जुन सिंह ने भी बढ़त बनाई हुई है। वहीं आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल ने तृणमूल के तापस बनर्जी को बड़े अंतर से हराया है।

कूचबिहार जिले की माथाभांगा सीट से निशीथ प्रमाणिक ने शानदार जीत दर्ज की है। सिलीगुड़ी से शंकर घोष ने तृणमूल के उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की। बरानगर सीट से सजल घोष ने तृणमूल की सायंतिका बनर्जी को पराजित किया।

हालांकि, सभी सीटों पर भाजपा को सफलता नहीं मिली। कोलकाता पोर्ट सीट से राकेश सिंह को तृणमूल के फिरहाद हकीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह एंटाली सीट से प्रियंका टिबरेवाल भी जीत हासिल नहीं कर सकीं और तृणमूल के संदीपन साहा ने उन्हें पराजित किया।

इसके अलावा, राजारहाट-गोपालपुर सीट से भाजपा के तरुणज्योति तिवारी ने कड़ी टक्कर में जीत दर्ज की है, जबकि टॉलीगंज सीट पर पापिया दे अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। पूर्व मेदिनीपुर के एगरा सीट से दिव्येंदु अधिकारी ने जीत सुनिश्चित की है।

चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने राज्य में अपनी पकड़ मजबूत की है, वहीं कुछ सीटों पर पार्टी को निराशा भी हाथ लगी है। कुल मिलाकर यह चुनाव पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत का संकेत दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय