खानाकुल-1 बीडीओ कार्यालय में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, बीडीओ को घेरकर लगाए नारे
हुगली, 04 नवंबर (हि. स.)। जिले के खानाकुल-1 ब्लॉक कार्यालय में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। प्रदर्शनकारियों ने ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) अदिति गांगुली को घेरकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यालय परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘तृणमूल के बीडीओ को हटाओ’ के नारों से गूंज उठा।
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में खानाकुल-5 नंबर मंडल की भाजपा अध्यक्ष पियाली जाना ने बीडीओ अदिति गांगुली पर कई आरोप लगाए। उनका आरोप है कि खानाकुल-1 ब्लॉक में विकास कार्य लगभग ठप पड़े हैं और विभिन्न योजनाओं के लिए निविदाएं जारी नहीं की जा रही हैं। इससे इलाके का विकास प्रभावित हो रहा है।
पियाली जाना ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में स्वयं सहायता समूहों को लेकर सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बीडीओ ब्लॉक के कर्मचारियों और भाजपा के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार करती हैं। प्रदर्शनकारियों ने एक महिला पंचायत समिति सदस्य के साथ भी कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि बीडीओ के कामकाज के कारण ब्लॉक में प्रशासनिक सेवाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ रही हैं। उनका आरोप है कि ब्लॉक प्रशासन अब भी पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार की राजनीतिक कार्यशैली के अनुसार संचालित हो रहा है।
इन्हीं आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बुधवार को बीडीओ कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान बीडीओ को घेरकर भी नारेबाजी की गई।
वहीं, भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों पर बीडीओ अदिति गांगुली ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ऐसे में इन आरोपों पर प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

