home page

अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ सोनारपुर थाने में भाजपा की शिकायत दर्ज

 | 

कोलकाता, 26 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता में छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को कथित रूप से विकृत कर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के आरोप में अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ भाजपा ने सोनारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

भाजपा का आरोप है कि प्रधानमंत्री की तस्वीर को विकृत कर उनका अपमान किया गया है और इस मामले में अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा सीधे तौर पर शामिल हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह की तस्वीरें वायरल होने के बाद भाजपा ने कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

रविवार को भाजपा के जादवपुर के प्रतिनिधियों ने सोनारपुर थाने में अभिनेत्री के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और उदाहरणात्मक सजा की मांग की।

भाजपा नेताओं का कहना है कि केवल सोनारपुर ही नहीं, बल्कि दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर थाने में भी प्रधानमंत्री की तस्वीर को कथित रूप से विकृत कर अपमानित करने के आरोप में श्रीलेखा मित्रा के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबर लिखे जाने तक अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा