home page

एंटाली थाने के मुख्य गेट पर ताला लगाने के आरोप में भाजपा नेता सुदीप राम निलंबित

 | 

कोलकाता, 29 अगस्त (हि.स.)। एंटाली थाने के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन करने के मामले में भाजपा ने स्थानीय नेता सुदीप राम को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में पूछा गया है कि स्वतंत्रता दिवस की रात उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया? सुदीप राम को सात दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

भाजपा नेतृत्व के अगले आदेश तक सुदीप राम निलंबित रहेंगे। यह कार्रवाई भाजपा की अनुशासन समिति ने की है और इसके निर्देश प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य की ओर से दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस की रात एंटाली थाना क्षेत्र में भाजपा के दो गुटों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एक गुट को प्रियंका टिबरेवाल का समर्थक माना जाता है, जबकि दूसरे गुट में दो भाई दिलीप राम और सुदीप राम के समर्थक शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पद्मपुकुर के वार्ड संख्या 54 में दिलीप और सुदीप राम का गुट दुर्गापूजा आयोजित करने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए खंभा पूजा भी की गई थी। आरोप है कि प्रियंका टिबरेवाल के गुट ने इसका विरोध किया। हालांकि, प्रियंका गुट की ओर से कहा गया कि दुर्गापूजा को लेकर स्थानीय निवासियों और दिलीप-सुदीप गुट के बीच विवाद हुआ था।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद का असर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान भी देखने को मिला। आरोप है कि दिलीप-सुदीप गुट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कुछ लोगों ने पहुंचकर हंगामा किया और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई।

इसके विरोध में प्रभावित गुट के लोगों ने एंटाली थाने का घेराव किया। आरोप है कि इसी दौरान थाने के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एंटाली थाने पहुंचे। अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

हालांकि, दिलीप-सुदीप गुट की ओर से दावा किया गया कि उनके किसी व्यक्ति ने थाने के गेट पर ताला नहीं लगाया था। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने खुद गेट पर ताला लगाया था।

वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना को लेकर दिलीप राम और सुदीप राम के खिलाफ एंटाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय