मेदिनीपुर : भाजपा नेता शुभेंदु सामंत को कारण बताओ नोटिस
पश्चिम मेदिनीपुर, 07 जून (हि. स.)। जिले के केशपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पराजित उम्मीदवार शुभेंदु सामंत को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भाजपा की राज्य इकाई ने कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी किया है। उन्हें सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अगले आदेश तक पार्टी की सभी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद केशपुर के विभिन्न इलाकों से शुभेंदु सामंत के खिलाफ डर का माहौल बनाने, अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करने और कथित तौर पर वसूली करने जैसी शिकायतें राज्य नेतृत्व के पास पहुंची थीं।
इन शिकायतों के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के निर्देश पर भाजपा की अनुशासन समिति ने यह कार्रवाई की है। नोटिस में कहा गया है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पार्टी की मर्यादा और संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ हैं।
केशपुर में चुनाव के बाद भाजपा के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आई है। हाल ही में अलग-अलग विजय जुलूस और अलग-अलग पार्टी कार्यालयों के उद्घाटन ने आंतरिक मतभेदों को और स्पष्ट कर दिया था।
शुभेंदु सामंत ने कहा कि उन्हें नोटिस जारी होने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक पत्र हाथ में नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि नोटिस मिलने पर निर्धारित समय के भीतर जवाब दिया जाएगा।
शनिवार रात भाजपा के घाटाल के जिला उपाध्यक्ष अमूल्य माइती ने बताया कि कुछ शिकायतें मिलने के बाद राज्य अनुशासन समिति ने नोटिस जारी किया है और संबंधित नेता अपना पक्ष रखेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

