home page

रात में घर लौट रहे भाजपा नेता को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

 | 
रात में घर लौट रहे भाजपा नेता को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस


हुगली, 02 अगस्त (हि. स.)। जिले के आरामबाग में शनिवार देर रात भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली चलाए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल नेता को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायल भाजपा नेता की पहचान सुजन गड़ाई के रूप में हुई है। वह भाजपा युवा मोर्चा के आरामबाग मंडल-3 के उपाध्यक्ष हैं।

घायल सुजन गड़ाई के अनुसार, वह शनिवार देर रात काम खत्म कर मोटरसाइकिल से गौरहाटी स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरामबाग के डोंगल ब्रिज के पास अचानक अज्ञात हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी, वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना पाकर आरामबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नेता को तत्काल आरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया।

हालांकि, घायल भाजपा नेता ने रविवार को बताया कि वह हमलावरों की पहचान नहीं कर सके और यह भी नहीं बता पाए कि किसने और क्यों उन पर हमला किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय