इलाज में लापरवाही का आरोप, बीजेपी नेत्री ने जूनियर डॉक्टर को लगाई फटकार
कूचबिहार, 22 अगस्त (हि.स.)। कूचबिहार के एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक मरीज के परिवार की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंची भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जिला महासचिव दीपा चक्रवर्ती ने एक जूनियर डॉक्टर को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान उन्होंने डॉक्टर से कहा, “यहां मजाक चल रहा है क्या?”
जानकारी के मुताबिक, कूचबिहार शहर के वार्ड नंबर 20 के निवासी ममताप्रसाद ठाकुर लंबे समय से लीवर की बीमारी से पीड़ित हैं। हाल ही में उनका दिल्ली के एम्स में इलाज हुआ था। परिवार के अनुसार, वहां डॉक्टरों ने बताया था कि मरीज के पेट में समय-समय पर पानी जमा हो सकता है और ऐसी स्थिति में अस्पताल ले जाकर इलाज कराना जरूरी होगा।
इसी सलाह के बाद 11 अगस्त को ममताप्रसाद को एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, मरीज के भाई रोहित ठाकुर का आरोप है कि डॉक्टरों से बार-बार पेट से पानी निकालने का अनुरोध करने के बावजूद उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
परिवार का आरोप है कि 11 अगस्त से 21 अगस्त तक मरीज दर्द से परेशान रहे, लेकिन समय पर आवश्यक उपचार नहीं मिला।
इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी बीजेपी नेत्री दीपा चक्रवर्ती को दी। बाद में अस्पताल पहुंची दीपा चक्रवर्ती की एक जूनियर डॉक्टर से तीखी बहस हो गई। डॉक्टर की ओर उंगली दिखाते हुए उन्होंने सवाल किया, “यहां मजाक चल रहा है क्या? यह पिछले 15 साल वाली सरकार नहीं है, नई सरकार है। मरीज को सबसे पहले सेवा मिलनी चाहिए।”
बीजेपी नेत्री के हस्तक्षेप के बाद डॉक्टरों ने कथित तौर पर तत्काल मरीज के पेट से पानी निकाला। घटना के बाद सरकारी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को समय पर उपचार मिलने को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या संबंधित चिकित्सकों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

