home page

नंदीग्राम में चुनावी तनाव, भाजपा नेता ने सुफियान पर दर्ज कराई गई शिकायत

 | 
नंदीग्राम में चुनावी तनाव, भाजपा नेता ने सुफियान पर दर्ज कराई गई शिकायत


पूर्वी मेदिनीपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले नंदीग्राम एक बार फिर राजनीतिक तनाव का केंद्र बन गया है। तृणमूल कांग्रेस नेता शेख सुफियान पर भाजपा के एक नेता को धमकी देने और अपशब्द कहने का आरोप लगा है। इस मामले में नंदीग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक तनातनी तेज हो गई है।

जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, नंदीग्राम में राजनीतिक तापमान भी बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। इस बार भी यह सीट बेहद अहम मानी जा रही है। आगामी चुनाव में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी के सामने उनके पूर्व करीबी सहयोगी रहे पवित्र कर को तृणमूल कांग्रेस ने मैदान में उतारा है।

इसी बीच इलाके में बमबाजी के आरोपों के कारण माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है। भाजपा के तमलुक संगठनात्मक जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव अब्बास बेग ने आरोप लगाया है कि 15 अप्रैल को नंदीग्राम के दाउदपुर ग्राम पंचायत के नयनान इलाके में पवित्र कर के समर्थन में एक पथसभा आयोजित की गई थी। उसी दौरान तृणमूल नेता शेख सुफियान ने उन्हें लक्ष्य कर गाली-गलौज की और धमकी दी।

अब्बास बेग ने नंदीग्राम थाने में इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका यह भी आरोप है कि 16 अप्रैल की रात दाउदपुर स्थित उनके घर के पास बमबाजी की गई। सूचना मिलने पर नंदीग्राम थाने के आईसी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके से एक ताजा बम बरामद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता