home page

रामनगर में तृणमूल नेता पर अंडा फेंकने पर भाजपा नेता ने मांगी क्षमा

 | 
रामनगर में तृणमूल नेता पर अंडा फेंकने पर भाजपा नेता ने मांगी क्षमा


पूर्व मेदिनीपुर, 10 जुलाई (हि. स.)। जिले के रामनगर में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं रामनगर-दो पंचायत समिति के लोक निर्माण कर्माध्यक्ष मानस दास पर अंडा फेंके जाने की घटना ने राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया हलचल मचा दी थी। घटना के एक दिन बाद शुक्रवार को भाजपा नेता सुब्रत जाना ने लिखित रूप से क्षमा मांगते हुए स्वीकार किया कि यह कृत्य उन्होंने व्यक्तिगत आक्रोश में किया था तथा इसका पार्टी अथवा सरकार से कोई संबंध नहीं है। पत्र में उन्होंने लिखा कि उन्होंने व्यक्तिगत आक्रोश में यह कार्य किया और इसके लिए वह क्षमाप्रार्थी हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मानस दास बालिसाई भूमि कार्यालय गए थे। उसी समय वहां उपस्थित रामनगर-2 नंबर पंचायत समिति के सदस्य एवं भाजपा नेता सुब्रत जाना ने उन पर अंडे फेंक दिए। घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो में सफेद कुर्ता-पायजामा पहने मानस दास के चेहरे और सिर पर अंडे का पीला भाग लगा दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान मानस दास ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए पूछा कि उन पर अंडे क्यों फेंके जा रहे हैं। इस पर सुब्रत जाना को यह कहते हुए सुना गया कि सरकार ने अंडा थेरेपी का निर्देश दिया है। इस टिप्पणी के बाद घटना को लेकर व्यापक चर्चा प्रारंभ हो गई।

करीब 76 वर्षीय मानस दास कई बार जनप्रतिनिधि के रूप में दायित्व निभा चुके हैं। उनके साथ हुई इस घटना की विभिन्न स्तरों पर आलोचना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी जनप्रतिनिधि का सार्वजनिक रूप से इस प्रकार अपमान किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाजपा के कांथी संगठनात्मक जिलाध्यक्ष सोमनाथ राय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी पर अंडा फेंकने संबंधी न तो सरकार का कोई निर्देश है और न ही पार्टी का। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इस प्रकार की घटनाओं का समर्थन नहीं करती।

वहीं, मानस दास ने आरोप लगाया कि सुब्रत जाना अपने दो साथियों के साथ आए थे, उन्होंने अंडे फेंके तथा घटना का वीडियो बनाकर उसे प्रसारित भी किया। दूसरी ओर, सुब्रत जाना ने सफाई देते हुए मानस दास पर विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि उन्होंने इन्हीं आरोपों के विरोधस्वरूप यह कदम उठाया।

हालांकि शुक्रवार को सुब्रत जाना ने पूर्व मेदिनीपुर भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखकर घटना के लिए खेद व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता