कोलकाता नगर चुनाव के लिए भाजपा ने सुकांत मजूमदार को सौंपी जिम्मेदारी
कोलकाता, 25 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता नगर निगम चुनाव की तैयारी भाजपा ने शुरू कर दी है। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार को कोलकाता नगर चुनाव संचालन समिति का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष अनिंद्य (राजू) बंद्योपाध्याय को सह-प्रभारी बनाया गया है। मानिकतला के विधायक तथा राज्य के उद्योग मंत्री तापस राय समिति के संयोजक होंगे, जबकि काशीपुर-बेलगछिया के विधायक रितेश तिवारी को सह-संयोजक बनाया गया है।
मंगलवार को हावड़ा नगर निगम चुनाव संचालन समिति का भी गठन किया गया। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथा राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा को प्रभारी बनाया गया है। बाली के भाजपा विधायक संजय सिंह को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
हावड़ा में पिछले आठ वर्षों से नगर बोर्ड नहीं है। वहीं, कार्यकाल पूरा होने से पहले ही कोलकाता नगर निगम का बोर्ड भी भंग हो गया। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद मेयर फिरहाद हकीम ने इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे के बाद नया मेयर तय नहीं होने पर राज्य सरकार ने नगर निगम में प्रशासक नियुक्त कर दिया। नगर आयुक्त स्मिता पांडे प्रशासक के रूप में काम कर रही हैं।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, नवंबर-दिसंबर में चुनाव होने की संभावना को देखते हुए पार्टी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में मंगलवार को विधाननगर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा पश्चिम बंगाल के संगठनात्मक प्रभारी सुनील बंसल, प्रदेश संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती और सुकांत मजूमदार मौजूद रहे। कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के भाजपा विधायकों को भी बैठक में बुलाया गया था। इसी बैठक में सुकांत को चुनाव की कमान सौंपने का निर्णय लिया गया।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि सुकांत जैसे वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी देने से पार्टी के कोलकाता नगर निगम चुनाव को गंभीरता से लेने का संकेत मिलता है। पार्टी महानगर में अपना प्रभाव बढ़ाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। साथ ही, सुकांत को महत्वपूर्ण चुनावी जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश संगठन में उनकी भूमिका फिर मजबूत होने के संकेत भी मिल रहे हैं।
2021 के विधानसभा चुनाव के बाद कठिन दौर में सुकांत ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल के शुरुआती दौर में हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। राज्य के सौ से अधिक नगर निकायों के चुनाव में पार्टी का मत प्रतिशत करीब 13 प्रतिशत रह गया था। उस समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा था कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को फिर से शून्य से शुरुआत करनी होगी। अब कोलकाता नगर निगम चुनाव में पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देकर नए सिरे से तैयारी शुरू की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

