आसनसोल मोबाइल चोरी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हीरापुर थाने का घेराव
आसनसोल, 09 अप्रैल (हि. स.)। आसनसोल के स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान हुई कथित मोबाइल चोरी की घटनाओं को लेकर गुरुवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने हीरापुर थाने का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा आसनसोल दक्षिण मंडल-1 के अध्यक्ष सोमनाथ दास ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की जनसभा में लाखों की भीड़ जुटी थी, जिसका फायदा उठाकर संगठित तरीके से मोबाइल चोरों के गिरोह को सक्रिय किया गया। उनके अनुसार, 30 से 40 लोगों के गिरोह ने मौके का फायदा उठाते हुए 400 से अधिक मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया, लेकिन अब तक उनके पास से केवल 10 मोबाइल ही बरामद किए जा सके हैं। साथ ही, कई पीड़ितों की शिकायतें पुलिस द्वारा दर्ज नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत दर्ज करने के लिए मोबाइल के आवश्यक दस्तावेज (पेपर) प्रस्तुत करने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइल जब्त कर बरामद किए गए हैं, जबकि बाकी मामलों की जांच जारी है।
घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और प्रभावित लोग जल्द से जल्द अपने मोबाइल वापस मिलने और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

