आरामबाग की आरांडी-दो पंचायत में भाजपा का नया बोर्ड, विश्वजीत मलिक बने प्रधान
हुगली, 03 नवंबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के नियंत्रण वाली ग्राम पंचायत में अब भाजपा के नेतृत्व में नया बोर्ड गठित हुआ है। मंगलवार को आरामबाग की आरांडी-दो ग्राम पंचायत के नए प्रधान के रूप में भाजपा के विश्वजीत मलिक निर्वाचित हुए। उनके पक्ष में तृणमूल कांग्रेस के आठ सदस्यों ने भी समर्थन दिया। इसके साथ ही पंचायत का राजनीतिक समीकरण बदल गया।
18 सदस्यीय आरांडी-दो ग्राम पंचायत में पहले तृणमूल कांग्रेस के 13, भाजपा के चार और माकपा का एक सदस्य था। बाद में भाजपा के एक सदस्य का निधन हो गया। विधानसभा चुनाव के बाद से पंचायत के कामकाज में ठहराव आने की शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोप था कि प्रधान समेत कुछ सदस्य नियमित रूप से पंचायत कार्यालय नहीं पहुंच रहे थे, जिसके कारण आम लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में परेशानी हो रही थी।
बीते 28 सितंबर को तृणमूल कांग्रेस के एक गुट के सदस्यों ने अपनी ही पार्टी के प्रधान के खिलाफ अविश्वास जताया था। इसके बाद पुराना बोर्ड गिर गया। मंगलवार को ब्लॉक प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में नए प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। भाजपा के तीन सदस्यों के साथ तृणमूल कांग्रेस के आठ सदस्यों ने विश्वजीत मलिक के पक्ष में समर्थन दिया, जिसके बाद वह नए प्रधान निर्वाचित हुए।
इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मामुदपुर से जुलूस निकालकर पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां नवनिर्वाचित प्रधान विश्वजीत मलिक का अभिनंदन किया गया।
नया दायित्व मिलने के बाद विश्वजीत मलिक ने कहा कि आम लोगों को बेहतर और सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। पंचायत का कामकाज सामान्य करने और स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आरांडी-दो ग्राम पंचायत में भाजपा के नेतृत्व में नए बोर्ड के गठन के बाद इलाके के राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

