home page

तृणमूल की रैली में भाजपा का झंडा, बच्चों की मौजूदगी पर विवाद तेज

 | 
तृणमूल की रैली में भाजपा का झंडा, बच्चों की मौजूदगी पर विवाद तेज


सिलीगुड़ी, 14 अप्रैल (हि. स.)। चुनावी माहौल के बीच सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी में एक अजीब मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रैली में भाजपा का झंडा दिखाई देने से इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार रीना टोप्पो एक्का के समर्थन में मंगलवार को खोरीबाड़ी ब्लॉक के प्रेताजोत गांव में एक रैली निकाली गई थी। इस रैली का नेतृत्व स्थानीय नेता परिमल सिंह कर रहे थे।

रैली के दौरान एक तरफ जहां बच्चों की मौजूदगी ने सवाल खड़े किए, वहीं अचानक भाजपा का झंडा दिखाई देने से माहौल और भी गर्म हो गया। तृणमूल नेताओं ने इसे विपक्ष की “साजिश” बताया।

परिमल सिंह ने कहा कि गांव में प्रचार के दौरान बच्चे अपने अभिभावकों के साथ शामिल हुए थे, लेकिन रैली में भाजपा का झंडा जानबूझकर डाला गया ताकि पार्टी की छवि खराब की जा सके।

वहीं, भाजपा की ओर से तरुण सिंह ने तृणमूल पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी रैली में लोग नहीं आ रहे, इसलिए बच्चों का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का झंडा दिखना “परिवर्तन का संकेत” है और इसमें किसी तरह की साजिश नहीं है, बल्कि यह जनता की भावना को दर्शाता है।

चुनाव आयोग की सख्त गाइडलाइंस के बावजूद राजनीतिक रैलियों में बच्चों के इस्तेमाल को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। कुल मिलाकर, यह “झंडा विवाद” अब पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार