home page

अशोकनगर में छन्नी लेकर सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

 | 
अशोकनगर में छन्नी लेकर सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता


उत्तर 24 परगना, 06 मई (हि. स.)। जिले के अशोकनगर में मंगलवार रात भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। हाथ में चाय की छन्नी और सिर पर भगवा अबीर लगाकर कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। इस अनोखे प्रदर्शन को देखकर इलाके के लोग भी हैरान रह गए।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कई स्थानों पर हिंसा, तोड़फोड़ और कब्जे की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि दूसरे पार्टियों के कुछ समर्थक रातोंरात भाजपा में शामिल होकर इलाके में अशांति फैला रहे हैं और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने “छन्नी विरोध” प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जैसे छन्नी से गंदगी या अनावश्यक चीजों को अलग किया जाता है, वैसे ही पार्टी में अचानक शामिल हुए संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें अलग करने का संदेश दिया जा रहा है।

यह प्रदर्शन अशोकनगर चौरंगी मोड़ इलाके में आयोजित किया गया। स्थानीय भाजपा नेताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर विजयी विधायक की ओर से प्रशासन का ध्यान भी आकर्षित कराया गया है और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

उधर, पार्टी बदल को लेकर हाबरा क्षेत्र में भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। यहां भाजपा उम्मीदवार देवदास मंडल ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी ज्योतिप्रिय मल्लिक को हराया है। इसके बाद तृणमूल से जुड़े कई लोग भाजपा में शामिल हो गए हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ लोग भाजपा का झंडा लेकर तृणमूल के पार्टी कार्यालयों पर कब्जा करने और अशांति फैलाने में लगे हैं।

नवनिर्वाचित विधायक ने हाबरा थाने के सामने खड़े होकर चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं में असली भाजपा कार्यकर्ताओं की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग अराजकता फैलाने में शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता