home page

स्थानीय विवाद निपटाने गए भाजपा नेता घायल

 | 
स्थानीय विवाद निपटाने गए भाजपा नेता घायल


कूचबिहार, 28 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के सीतलकुची स्थित बड़ा मरिचा इलाके में बुधवार को स्थानीय विवाद निपटाने गए भाजपा के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला सचिव रज्जाक हुसैन समेत कई लोग घायल हो गए।रज्जाक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें पहले शीतलकुची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में कूचबिहार के एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रज्जाक हुसैन की पत्नी मौसुमी खातून ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा नेता खुर्शीद आलम के समर्थकों ने उनके परिवार पर हमला किया। उनके मुताबिक, विवाद सुलझाने के नाम पर उन्हें पार्टी कार्यालय बुलाया गया, जहां रज्जाक और उनके समर्थकों की पिटाई की गई। इस दौरान रज्जाक के सिर में गंभीर चोट आई है।

वहीं, भाजपा नेता खुर्शीद आलम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि सड़क निर्माण से जुड़े एक स्थानीय मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रज्जाक अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे और हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच संघर्ष शुरू हो गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। दोनों पक्षों की ओर से सीतलकुची थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार