शांतिपूर्ण मतदान पर भाजपा ने जताया आभार
सिलीगुड़ी, 03 मई (हि. स.)। राज्य और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वोटरों और चुनाव आयोग का आभार जताया। रविवार शाम शहर के हाशमी चौक इलाके में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘धन्यवाद’ लिखे प्लेकार्ड के साथ लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस दौरान सिलीगुड़ी सीट से भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष खुद हाथ में प्लेकार्ड लेकर आम लोगों का धन्यवाद करते नजर आए। उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
पत्रकारों से बातचीत में शंकर घोष ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद शायद पहली बार इतना शांतिपूर्ण चुनाव देखने को मिला है। इसके लिए हम चुनाव आयोग और सभी मतदाताओं को धन्यवाद देते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव बेहद जरूरी है, इस बार जनता ने बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी निभाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

