भाजपा जिला कमेटी ने गिनायी मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
पश्चिम बर्दवान, 14 जून (हि. स.)। आसनसोल के उत्तर धधका स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य उपस्थित रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने उल्लेखनीय विकास किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कार्य किया है और इसी कारण सौर ऊर्जा पर विशेष जोर दिया गया। उनका कहना था कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर दबाव बढ़ा है, लेकिन सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की नीति के कारण भारत अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्गों को लाभ पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि अब तक करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
अग्निमित्रा पाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के अंतर्गत बिना गारंटी के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि क्षेत्र को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार इन सभी योजनाओं का उद्देश्य देश को मजबूत बनाना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
वहीं पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले यह धारणा थी कि व्यवसाय केवल कारोबारी परिवारों तक सीमित रहता है, लेकिन वर्तमान समय में युवा स्वयं उद्यमिता की ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए आसान ऋण व्यवस्था और प्रक्रियाओं को सरल बनाने का प्रयास कर रही है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकें।
आसनसोल भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने भी कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प आने वाले समय में पूरा किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

