आसनसोल में भाजपा ने जारी किया ‘भरोसा शपथ संकल्प पत्र’, 2026 के लिए बड़े वादे
आसनसोल, 12 अप्रैल (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कमेटी के आसनसोल संगठन जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला मीडिया प्रभारी टिंकू वर्मा और कोषाध्यक्ष अभय कुमार बर्नवाल ने वर्ष 2026 के लिए पार्टी का “भरोसा शपथ संकल्प पत्र” पेश किया। नेताओं ने इसे बंगाल के पुनरुद्धार का रोडमैप बताते हुए कहा कि यह केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि ‘सोनार बांग्ला’ बनाने की प्रतिबद्धता है।
उन्होंने बताया कि पार्टी महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दे रही है। भाजपा ने वादा किया कि राज्य में सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही अगले पांच वर्षों में युवाओं के लिए एक करोड़ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई।
सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे पर पार्टी ने सीमा पार घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई और समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन पर भ्रष्टाचार और खराब कानून-व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाएगा और सिंडिकेट व ‘कट मनी’ संस्कृति को खत्म किया जाएगा। गौ-तस्करी रोकने के लिए कड़े कानून बनाने और ‘वंदे मातरम्’ संग्रहालय स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
किसानों और श्रमिकों के लिए पार्टी ने धान, आलू और आम की खेती में विशेष सहयोग और उचित मूल्य दिलाने का वादा किया। मछुआरों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकरण और आधुनिक निर्यात केंद्र देने की बात कही गई। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता सुनिश्चित करने और 7वें वेतन आयोग को लागू करने का भी आश्वासन दिया गया।
संस्कृति और भाषा के क्षेत्र में भाजपा ने कुर्मी और राजबंशी भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने का वादा किया है। धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए विशेष कानून बनाने और दार्जिलिंग चाय की ब्रांडिंग के साथ पुराने चाय बागानों के पुनरुद्धार की भी योजना बताई गई।
नेताओं ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी यह संकल्प पत्र राज्य के विकास की दिशा तय करेगा और भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

