home page

आसनसोल में फ्लाईओवर की तैयारी के साथ भाजपा का 'लाभार्थी संपर्क अभियान' तेज

 | 
आसनसोल में फ्लाईओवर की तैयारी के साथ भाजपा का 'लाभार्थी संपर्क अभियान' तेज


पश्चिम बर्दवान, 07 अगस्त (हि. स.)। आसनसोल शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में पहल शुरू करने के साथ भाजपा ने सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंचाने के लिए 'लाभार्थी संपर्क अभियान' तेज कर दिया है। शुक्रवार को संगठन की ओर से आसनसोल के शीतला इलाके स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दोनों मुद्दों की जानकारी दी गयी।

आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से शताब्दी पार्क से आश्रम मोड़ तक जीटी रोड के ऊपर फ्लाईओवर बनाने की तैयारी की जा रही है। लंबे समय से इस इलाके में फ्लाईओवर की मांग उठती रही है। बढ़ते वाहनों के दबाव और जीटी रोड पर लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विधायक के अनुसार, फ्लाईओवर बनने से शहर के प्रमुख हिस्सों में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकेगी। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों और औद्योगिक गतिविधियों को भी फायदा होने की उम्मीद है। परियोजना को लेकर आगे की प्रक्रिया जल्द बढ़ने की बात कही गयी है।

इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन को अभी तीन महीने ही हुए हैं और इस दौरान कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गयी हैं। इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक योग्य लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाभार्थी संपर्क अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि कई बार सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव, आवेदन प्रक्रिया या आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पाने के कारण पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन की प्रक्रिया में मार्गदर्शन करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करेंगे।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में शनिवार को रवींद्र भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के भाजपा विधायकों के अलावा राजस्थान के एक विधायक तथा प्रदेश स्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता अमिताभ चक्रवर्ती भी मौजूद रहेंगे। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा नेत्री आशा शर्मा, अपूर्व हाजरा और काकली घोष भी मौजूद थीं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक योग्य लाभार्थी तक पहुंचाना है। वहीं, फ्लाईओवर परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा