home page

सालानपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टायर जलाकर सड़क जाम,

 | 
सालानपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टायर जलाकर सड़क जाम,


पश्चिम बर्दवान, 10 जुलाई (हि. स.)। जिले के सालानपुर थाना क्षेत्र के आचड़ा इलाके में गुरुवार देर रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रूपनारायणपुर–सामडी सड़क पर आचड़ा पोस्ट ऑफिस के सामने टायर जलाकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और घायलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार रात आचड़ा इलाके में एक घर के सामने खड़ी दो पिकअप वैन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें दोनों दलों के कई कार्यकर्ता और समर्थक घायल हो गए। घटना में तृणमूल कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं भाजपा के करीब दस कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया।

भाजपा का आरोप है कि पिकअप वैन से क्या सामान उतारा जा रहा था, यह पूछने पर उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों ने पहले हमला किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने सालानपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार को सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में सड़क जाम समाप्त करा दिया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा