home page

डाबग्राम एक नंबर ग्राम पंचायत में भाजपा के चंदन राय बने उपप्रधान

 | 
डाबग्राम एक नंबर ग्राम पंचायत में भाजपा के चंदन राय बने उपप्रधान


जलपाईगुड़ी, 14 अगस्त (हि. स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक अंतर्गत डाबग्राम एक नंबर ग्राम पंचायत में शुक्रवार को उपप्रधान पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। लंबे समय से खाली पड़े इस पद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जलपाईगुड़ी जिला एससी मोर्चा अध्यक्ष और शिमुलगुड़ी इलाके के पंचायत सदस्य चंदन राय निर्वाचित हुए।

दरअसल, तत्कालीन उपप्रधान के इस्तीफे के बाद यह पद लंबे समय से रिक्त था। शुक्रवार को पंचायत सदस्यों के बीच लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव कराया गया। मतदान में जीत हासिल करने के बाद चंदन राय को नया उपप्रधान चुना गया। उपप्रधान चुनाव को लेकर डाबग्राम-1 इलाके में राजनीतिक हलचल तेज रही। चंदन राय की जीत की घोषणा होते ही डाबग्राम-फूलबाड़ी-1 नंबर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद पंचायत कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर और मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर डाबग्राम-फूलबाड़ी-2 नंबर मंडल अध्यक्ष, जलपाईगुड़ी जिला भाजपा की महासचिव मिताली राय समेत पार्टी के अन्य नेता और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उपप्रधान पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद चंदन राय ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से रुके हुए महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार के लाभ का उपयोग करते हुए आम लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार