निशिगंज पंचायत में बड़ा उलटफेर, बिना बहुमत के भाजपा ने प्रधान पद पर कब्जा किया
कूचबिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। कोरम के अभाव में पहली बैठक रद्द होने के बाद निशिगंज-2 ग्राम पंचायत में शुक्रवार को राजनीतिक घटनाक्रम ने नाटकीय मोड़ ले लिया। बहुमत न होने के बावजूद नियमों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधान पद पर कब्जा कर लिया, जिससे इलाके की राजनीति में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार, 14 सदस्यीय पंचायत में तृणमूल कांग्रेस के 11 सदस्य बैठक से अनुपस्थित रहे, जबकि भाजपा के तीन सदस्य मौजूद थे। इन तीन सदस्यों के समर्थन से फूलफुली देवसिंह को निशिगंज-2 ग्राम पंचायत का नया प्रधान चुन लिया गया।
गौरतलब है कि तृणमूल के पूर्व प्रधान के इस्तीफे के बाद 29 जुलाई को पहली बार चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन उस दिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी थी। इसके बाद पंचायत में प्रशासक नियुक्त किए जाने की अटकलें तेज हो गई थी।
हालांकि, शुक्रवार को दोबारा बुलाई गई बैठक में तृणमूल के सदस्य शामिल नहीं हुए, जिससे प्रक्रिया पूरी हुई और भाजपा ने प्रधान पद हासिल कर लिया।
प्रधान चुने जाने की खबर फैलते ही निशिगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। इलाके में विजय रैली निकाली गई और पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

