फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत पर भाजपा का कब्जा
जलपाईगुड़ी, 12 अगस्त (हि.स.)। फूलबाड़ी एक नंबर ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस का लंबे समय से चला आ रहा नियंत्रण अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों में चला गया है। बुधवार को तृणमूल के 12 सदस्यों के समर्थन से भाजपा ने पंचायत पर कब्जा कर लिया।
30 सीटों वाली इस ग्राम पंचायत में अब तक तृणमूल कांग्रेस के पास 24 सीटें थी। लेकिन 12 तृणमूल सदस्यों के समर्थन के बाद भाजपा के पक्ष में कुल 18 सदस्यों का समर्थन हो गया, जो बहुमत के लिए जरूरी 16 के आंकड़े से अधिक है। इसके बाद भाजपा ने औपचारिक रूप से पंचायत का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
भाजपा के दयाल रॉय ने नए प्रधान के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। पंचायत पर कब्जे की खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया। समर्थकों ने जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को भगवा गुलाल लगाया और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया।
हालांकि, भाजपा को समर्थन देने वाले तृणमूल कांग्रेस के 12 सदस्यों ने इस राजनीतिक बदलाव को लेकर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से इनकार किया। उनके समर्थन से पंचायत की सत्ता में हुए बदलाव को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
फूलबाड़ी ग्राम पंचायत में सत्ता परिवर्तन को आगामी पंचायत राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास तौर पर तृणमूल के मजबूत संख्याबल के बावजूद भाजपा के पंचायत पर कब्जा करने से इलाके में राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

