भाजपा नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी ने निकाली धन्यवाद यात्रा
आसनसोल, 03 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दोनों चरणों में हुई बंपर वोटिंग के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाताओं द्वारा बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने पर पार्टी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में धन्यवाद यात्राएं निकाली जा रही हैं।
इसी क्रम में आसनसोल में भाजपा नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी के नेतृत्व में एक विशेष धन्यवाद यात्रा आयोजित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों का अभिनंदन किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी के लिए मतदाताओं को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में मतदान कर जनता ने लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।
साथ ही भाजपा के कई उम्मीदवारों ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सोमवार को होने वाली मतगणना से पहले ईश्वर का आशीर्वाद लिया। नेताओं ने भारी मतों से जीत की कामना करते हुए राज्य में परिवर्तन का विश्वास भी जताया।
धन्यवाद यात्रा के दौरान भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जगह-जगह पार्टी के झंडे और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने लोगों का अभिवादन किया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि इस चुनाव में जनता ने भाजपा के पक्ष में व्यापक समर्थन दिया है, जिसका परिणाम मतगणना के दिन सामने आएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

