किशोरी मौत पर बवाल, आरोपित की गिरफ्तारी तक भाजपा उम्मीदवार ने रोका प्रचार
सिलीगुड़ी, 24 मार्च (हि. स.)। सिलीगुड़ी के कुलीपाड़ा इलाके में किशोरी की संदिग्ध मौत के बाद आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के 24 घंटे बीतने के बावजूद मुख्य आरोपित गृह शिक्षक की गिरफ्तारी न होने से मंगलवार को जंक्शन और हिलकार्ट रोड इलाके में भारी तनाव फैल गया।
इस मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा उम्मीदवार शंकर घोष ने बीआर अंबेडकर मूर्ति के नीचे धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि आरोपित की गिरफ्तारी तक वह किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं करेंगे।
शंकर घोष ने कहा कि ऐसी शर्मनाक घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जा सकती है। चुनाव से ज्यादा जरूरी है पीड़िता को न्याय दिलाना। जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं होगा, मैं प्रचार से दूर रहूंगा।
इस मामले को लेकर
मंगलवार सुबह से ही इलाके में कई बार तनाव की स्थिति बनी रही।
मृतक के घर से निकली एक विशाल रैली आरोपित के घर की ओर बढ़ने लगी, जिसे पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एयरव्यू मोड़ पर सड़क जाम कर दिया और एसडीओ ऑफिस के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रविवार सुबह कुलीपाड़ा में एक किशोरी का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने गुरूंग बस्ती के एक गृह शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपित के घर में तोड़फोड़ भी किया था। एक दिन बीतने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

