बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष ने मंदिर में की पूजा, ‘नए बंगाल’ की कामना
सिलीगुड़ी, 03 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से ठीक एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उम्मीदवार शंकर घोष ने आस्था का सहारा लेते हुए रविवार सुबह रथखोला मोड़ स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मंदिर में विधि-विधान से पूजा करने के बाद शंकर घोष ने मां काली का आशीर्वाद लिया और राज्य के लोगों के कल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, आज पूरे राज्य में बीजेपी के उम्मीदवार मंदिरों में जाकर पूजा कर रहे है। हम मां से प्रार्थना कर रहे हैं कि कल मतगणना के साथ ही पश्चिम बंगाल में एक नए युग की शुरुआत हो।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है और वे उम्मीद करते हैं कि लोगों का जनादेश राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएगा। मतगणना से पहले बीजेपी नेताओं के इस तरह मंदिर जाकर पूजा करने को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

