home page

चुनाव 26 : नामांकन के पहले दिन भाजपा उम्मीदवार कृष्णनेंदु मुखर्जी ने भरा पर्चा

 | 
चुनाव 26 : नामांकन के पहले दिन भाजपा उम्मीदवार कृष्णनेंदु मुखर्जी ने भरा पर्चा


आसनसोल, 30 मार्च (हि.स.)। आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्णनेंदु मुखर्जी ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में नामांकन किया। उनके साथ इलेक्शन एजेंट पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप दे और उनके दो समर्थक दिलीप कुमार भट्टाचार्य और अशोक सोनकर भी मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन आसनसोल नॉर्थ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने एसडीओ अधर राय के कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान किसी प्रकार का शोर-शराबा या नारेबाजी देखने को नहीं मिली। उनके साथ केवल दो सुरक्षा कर्मी और दो समर्थक ही मौजूद थे।

नामांकन दाखिल करने के बाद कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि वह सनातन परंपराओं में विश्वास रखते हैं और धार्मिक आस्था के अनुसार उन्होंने इस दिन को शुभ मानते हुए नामांकन भरा है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद लिया गया।

उन्होंने आगे कहा कि एक अप्रैल से वह अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। उनके अनुसार, इस बार उनका चुनाव अभियान विकास के मुद्दों पर केंद्रित होगा। इसके साथ ही वह तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल की कमियों और कथित भ्रष्टाचार को भी जनता के सामने रखेंगे। कृष्णेंदु मुखर्जी ने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था समेत कई अहम मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करने की बात कही। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा