भाजपा उम्मीदवार कौशिक रॉय ने शुरू किया चुनाव प्रचार, विवादों पर लगाया विराम
जलपाईगुड़ी, 24 मार्च (हि.स.)। उम्मीदवार बदलने की अटकलों और पार्टी के अंदरूनी विवादों को दरकिनार करते हुए भाजपा उम्मीदवार कौशिक रॉय ने मंगलवार को मयनागुड़ी में अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी।
प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मयनागुड़ी के प्रसिद्ध जटिलेश्वर और जल्पेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही भाजपा के एक वर्ग में नाराज़गी देखने को मिल रही थी, यहां तक कि उनके खिलाफ पार्टी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन भी हुआ था।
सोमवार को तय कार्यक्रम टलने से अटकलें और तेज हो गई थी, लेकिन मंगलवार को कौशिक रॉय ने पूरे उत्साह के साथ प्रचार में हिस्सा लेकर सभी विवादों पर विराम लगा दिया। इस दौरान आदिवासी नृत्य, ढाक-ढोल और कीर्तन के साथ एक भव्य पदयात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
हालांकि, जो नेता और कार्यकर्ता पिछले कुछ दिनों से विरोध कर रहे थे, वे इस कार्यक्रम में नजर नहीं आए। जिससे राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
पत्रकारों से बात करते हुए कौशिक रॉय ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में मयनागुड़ी की जनता उनके साथ खड़ी है। हालांकि उन्होंने पार्टी के अंदर के नाराजगी पर कोई कमेंट नहीं किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

