भाजपा उम्मीदवार ने लोगों की समस्याएं सुनी
आसनसोल, 29 मार्च (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 57 अंतर्गत फतेहपुर इलाके में शनिवार को चुनावी सरगर्मी तेज देखने को मिली, जब आसनसोल दक्षिण से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
प्रचार के दौरान अग्निमित्रा पाल ने स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल सहित इस क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विकास के लिए लगातार धनराशि दी जाती रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका सही उपयोग नहीं हुआ।
उन्होंने इलाके में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, अब भी कई जगहों पर पीने के पानी की समस्या बनी हुई है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को घर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी चिंताजनक बताया।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि बालू, कोयला और अन्य संसाधनों से जुड़े भ्रष्टाचार में तृणमूल के कई नेता और मंत्री शामिल हैं, जिससे नदियों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ गया है।
अग्निमित्रा पाल ने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव का फैसला करेगी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर क्षेत्र में वास्तविक विकास संभव हो सकेगा।
उसके बाद भाजपा उम्मीदवार ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुना।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

