रहमतनगर में अग्निमित्रा पाल के वाहन पर हमला, हीरापुर थाने में दर्ज कराई शिकायत
आसनसोल, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में तनाव की खबर सामने आई है। आसनसोल दक्षिण के रहमतनगर इलाके के 135 नंबर बूथ के पास झड़प होने की सूचना मिली है। मतदान के दौरान इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इसी बीच भाजपा की आसनसोल दक्षिण विधानसभा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल के काफिले पर हमले की खबर सामने आई है।
गौरतलब है कि अग्निमित्रा पाल अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों का दौरा कर रही थीं। जब वह रहमतनगर इलाके के 135 नंबर बूथ की ओर जा रही थीं, तभी अज्ञात लोगों ने उनके वाहन पर पत्थर फेंका, जिससे गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पत्थर वाहन में बैठे किसी व्यक्ति को नहीं लगा और अग्निमित्रा पाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना के बाद उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए इसे “गणतंत्र की हत्या” करार दिया। भाजपा उम्मीदवार ने हमले की शिकायत हीरापुर पुलिस थाना में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मतदान के बीच इस तरह की घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति नियंत्रित बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

